सुख की खोज
जीवन की यातनाएँ
क्यूँ ?
'सुख की खोज '
इतनी बेचैनी
क्यूँ ?
'सुख की खोज '
इतनी भटकन
क्यूँ ?
'सुख की खोज '
इतना त्याग
इतने गहरे घाव
कष्टों की क्रूरता
ये चीखना चिल्लाना
क्यूँ?
'सुख की खोज'
नींदों में जागना
जागने में सोना
एकांत को कुचलना
मौन की हत्या
क्यूँ?
'सुख की खोज '
पल-पल की घबराहट
हर पल कुछ खोने का डर
हर पल में अगले पल की चिंता
पिछले पलों का शोक
मरते पलों का मोह
कुछ और पलों का लोभ
क्यूँ?
'सुख की खोज'
इस खोज में
इतना झेलने के बाद
शरीर का लाश हो जाना
कोई बड़ी बात नहीं ।
मुझे लगता है
मन और आत्मा
एक-दूसरे के कंधों में हाथ डालकर
जलते शरीर को देखते होंगें,
मन ठहाका मारकर हँसता और कहता होगा,
हुन्ह्.....
'सुख की खोज ' ।
_अशब्द